जमशेदपुर : 6 माह से होमगार्ड जवानों को नहीं मिला वेतन, 9 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी

खासमहल स्थित सदर अस्पताल में पदस्थापित होमगार्ड के जवान बिना वेतन के ड्यूटी करने को मजबूर हैं। अस्पताल में 42 जवानों को प्रतिस्थापित किया गया है, जिन्हें तीन शिफ्ट में ड्यूटी प्रदान की जाती है।

जमशेदपुर : 6 माह से होमगार्ड जवानों को नहीं मिला वेतन, 9 अक्टूबर से चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी
खास महल सदर अस्पताल

Jamshedpur : खासमहल स्थित सदर अस्पताल में पदस्थापित होमगार्ड के जवान बिना वेतन के ड्यूटी करने को मजबूर हैं। अस्पताल में 42 जवानों को प्रतिस्थापित किया गया है, जिन्हें तीन शिफ्ट में ड्यूटी प्रदान की जाती है। तीनों शिफ्ट में जवान मुस्तैदी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपनी ड्यूटी करते हैं। लेकिन वेतन के नाम पर उन्हें फूटी कौड़ी भी नहीं मिल रही है। जिसके कारण जवानों में नाराजगी व्याप्त है। वेतन नहीं मिलने की शिकायत कई बार सिविल सर्जन, विभागीय समादेष्टा, उपायुक्त एवं स्वास्थ्य मंत्री से की गई है। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मिली जानकारी के अनुसार अप्रैल 2023 से ही जवानों को वेतन नहीं मिल रहा है। इस संबंध में पूछे जाने पर (नाम नहीं छापने की शर्त पर) होमगार्ड के जवानों ने बताया कि कई बार प्रार्थना पत्र एवं शिकायत देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके कारण जवानों में अब काफी नाराजगी है। होमगार्ड के जवानों ने बताया कि वेतन नहीं मिलने के कारण उनके बच्चों की परवरिश एवं पढ़ाई बाधित हो रही है। वहीं घर परिवार चलाना भी मुश्किल हो गया है।

9 अक्टूबर को अस्पताल में करेंगे प्रदर्शन
होमगार्ड के जवानों ने बताया कि वेतन संबंधी मामले को लेकर सभी जवानों में नाराजगी व्याप्त है। जिसके कारण सभी ने आंदोलन का रास्ता हथियार करने का निर्णय लिया है। आगामी 9 अक्टूबर से इसकी शुरुआत की जाएगी। पहले दिन अस्पताल में सभी जवान लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज  कराएंगे। उसके बाद सामूहिक निर्णय लेकर आंदोलन अथवा चरणवध धरना प्रदर्शन करेंगे। आंदोलन की जानकारी सभी संबंधित पदाधिकारी को लिखित रूप में दे दी गई है। दूसरी और सिविल सर्जन डॉक्टर जुझार माझी ने स्वीकार किया कि अस्पताल में पदस्थापित जवानों का लंबे समय से वेतन बकाया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विभागीय स्तर पर पत्राचार किया गया है। आवंटन प्राप्त होते ही सभी जवानों का वेतन दे दिया जाएगा।