बेबी देवी बनी 11 वीं मंत्री, राज्यपाल ने दिलाया शपथ, कई बार अटकी

पूर्व मंत्री स्व. जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी ने आज पद एंव गोपनीयता की शपथ ली। राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित एक सादे समारोह में बेबी देवी ने शपथ ली।

बेबी देवी बनी 11 वीं मंत्री, राज्यपाल ने दिलाया शपथ, कई बार अटकी


रांची

पूर्व मंत्री स्व. जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी ने आज पद एंव गोपनीयता की शपथ ली। राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित एक सादे समारोह में बेबी देवी ने शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व एक दर्जन से अधिक मंत्री-विधायक मौजूद थे। बेबी देवी ने टूटी-फूटी हिंदी में शपथ ली। राजभवन आने से पूर्व बेबी देवी ने रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिके के मंदिर में पूजा अर्चना की। उनके गांव में में भी खुशी का माहौल है। उनके समर्थक शपथ ग्रहण के दौरान मंत्री के पक्ष बाहर में नारा लगा रहे थे। समारोह में शामिल होने बेबी देवी के बेटे अखिलेश महतो, बेटी रीना देवी और भतीजा दिवाकर महतो पहुंचे थे। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों ने बेबी महतो को बधाई और शुभकामनाएं दी। 

मंत्री नाराज होकर लौटे

कार्यक्रम के दौरान ना केवल मीडिया को दूर रखा गया, बल्कि मंत्री के पीए व समर्थकों को भी अंदर जाने की मनाही थी। मंत्री मिथलेश ठाकुर और हफीजुल हसन की गाड़ी को गेट पर रोक दिया गया। मंत्री अपने पीए और समर्थक को अंदर ले जाना चाह रहे थे, लेकिन राजभवन के सुरक्षाकर्मियों ने साफ मना कर दिया। इस बात से नाराज मंत्री मिथलेश ठाकुर नाराज होकर वापस लौट गये, वंही हफीजुल हसन को आखिरकार अकेले ही अंदर जाना पड़ा। मंत्री ने आरोप लगाये हैं कि केन्द्र के इशारे पर राजभवन काम कर रहा है।

पुराना फॉर्मूला दोहराया गया

हेमंत सोरेन के कैबिनेट में बिना चुनाव जीते शामिल होने वाली दूसरी मंत्री बनी है बेबी देवी। इससे पूर्व मधुपुर के पूर्व विधायक व मंत्री हाजी हुसैन के निधन के बाद उनके बेटे हफीजुल हसन को बिना चुनाव लड़े मंत्री बना दिया गया था। बाद में वो उपचुनाव जीतकर सदन पहुंचे। उसी फॉर्मूले को वापस दोहराया गया है। जगरनाथ महतो के निधन के बाद डुमरी में विधानसभा उपचुनाव होने हैं, लेकिन इससे पूर्व ही उनकी पत्नी बेबी महतो को मंत्री बनाया गया है।

विभाग को लेकर संशय बरकरार

चर्चा है कि पूर्व मंत्री स्व. जगरनाथ महतो के विभाग शिक्षा और उत्पाद एंव मद्य निषेध विभाग का प्रभार बेबी महतो को दिया जायेगा, लेकिन अबतक इसकी अधिसूचना जारी नहीं की गयी है। आज शाम तक इसपर पर्दा हट सकता है। 

12 वें मंत्री पद अब भी खाली

झारखँड में 12 वें मंत्री का पद अब भी खाली है। रघुवर दास के मुख्यमंत्रित्व काल से शुरू हुई यह परंपरा हेमंत सोरेन के कैबिनेट में भी बरकरार है। झारखंड में मुख्यमंत्री समेत कैबिनेट में 12 मंत्री होने चाहिए, लेकिन 12 वें मंत्री की पद अब भी खाली है। हलांकि बीच बीच में राजनीतिक गलियारे में इसे लेकर चर्चा गर्म होती रहती है।