Karnataka Election Date: कर्नाटक में 10 मई को मतदान, 13 को आयेंगे नतीजे

कर्नाटक की सभी 224 सीटों पर एक चरण में 10 मई को मतदान होंगे और 13 मई को मतगणना होगी।

Karnataka Election Date: कर्नाटक में 10 मई को मतदान, 13 को आयेंगे नतीजे

दिल्ली,


कर्नाटक की सभी 224 सीटों पर एक चरण में 10 मई को मतदान होंगे और 13 मई को मतगणना होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने आज राज्य विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम का ऐलान किया। उन्होंने एक प्रेसवार्ता में बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए अधिसूचना 13 अप्रैल को जारी होगी। उम्मीदवार 20 अप्रैल तक दाखिल कर सकेंगे और 24 अप्रैल तक नामांकन वापस लेने की तारीख तय की गयी है। तारीख के ऐलान के साथ ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गयी है। 

9.17 लाख नये वोटर जोड़े गये

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि कर्नाटक में 5.22 करोड़ मतदाता हैं, जबकि 9.17 करोड़ नये मतदाता जोड़े गये हैं।  विधानसभा चुनाव में 58,282 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं, जिसमें 20,866 शहरी क्षेत्र में स्थित हैं और 29,140 मतदान केन्द्रों से वेबकास्टिंग की जायेगी। 

क्या है वर्तमान समीकरण

वर्तमान में 117 सीटों के साथ भाजपा कर्नाटक के सत्ता पर कायम है। बीएस येदियुरप्पा के इस्तीफा के बाद बसवराज बोम्मई ने जुलाई 2021 को मुख्यमंत्री की शपथ ली थी।  कुल 224 सीटों में कांग्रेस के पास 69 और उनके सहयोगी जनता दल (एस) के पास 32 सीटें है। कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल 24 मई को समाप्त हो रहा है।  

5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होंगे

इसके अलावा पंजाब और यूपी समेत 4 राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर भी 10 मई को उपचुनाव भी होंगे। नतीजे 13 मई को आएंगे। जिन सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं वे हैं पंजाब की जालंधर, ओडिशा की झारसुगुड़ा, उत्तर प्रदेश की छानबे और स्वार, मेघालय की सोहियोंग सीट। हालांकि, चुनाव आयोग ने राहुल गांधी की वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा नहीं की है।