सदस्यता जाने के बाद राहुल गांधी की पहली प्रेस कांफ्रेंस, जानिये क्या कहा

सूरत कोर्ट से सजायाफ्ता होने के बाद राहुल गांधी पहली बार मीडिया के सामने अपना पक्ष रखने आये। प्रेस कांफ्रेंस की शुरूआत उन्होंने हिंदुस्तान में लोकतंत्र पर आक्रमण हो रहा है शब्दों से किया।

सदस्यता जाने के बाद राहुल गांधी की पहली प्रेस कांफ्रेंस, जानिये क्या कहा


नई दिल्ली,


सूरत कोर्ट से सजायाफ्ता होने के बाद राहुल गांधी पहली बार मीडिया के सामने अपना पक्ष रखने आये। प्रेस कांफ्रेंस की शुरूआत उन्होंने हिंदुस्तान में लोकतंत्र पर आक्रमण हो रहा है शब्दों से किया। उन्होंने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलने का वक्त मांगा था, लेकिन उन्हें समय नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष को मैंने दो बार खत लिखा, उनसे मिला भी, लेकिन उन्होंने कहा कि मैं कुछ नहीं कर सकता। राहुल गांधी ने कहा कि मुझे अयोग्य ठहराया जा सकता है, लेकिन डरा धमकाकर चुप नहीं कराया जा सकता। मैं अपनी आवाज जारी रखूंगा। यह सबकुछ गौतम अडानी प्रकरण से ध्यान हटाने के लिए किया जा रहा है। लेकिन आज भी मैं पूछता हूं कि गौतम अडानी और मोदी जी के बीच क्या रिश्ता है। आपको याद दिला दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सरनेम केस में दो साल की सजा सुनाये जाने के बाद शुक्रवार को उनकी सदस्यता रद्द कर दी गयी। 

पीएम मुझसे डर गये है

राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि पीएम मोदी मेरी अगली स्पीच को लेकर डरे हुए हैं, इसलिए सदस्यता रद्द की गयी। मैं उनके और गौतम अडानी के रिश्ते पर लगातार बोल रहा हूं। मेरी अगली स्पीच भी गौतम अडानी पर होने वाली थी। मेरी आवाज को दबाने के लिए ऐसा किया गया है। लेकिन मैं अपनी तपस्या जारी रखूंगा और चुप नहीं बैठूंगा। 

विपक्षी दलों का मिला साथ

राहुल गांधी ने विपक्षी दलों का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों और नेताओँ ने इस मुद्दे पर मेरा साथ दिया है। केन्द्र की तानाशाह सरकार के खिलाफ विपक्ष को एकजुट होकर साथ मिलकर काम करना होगा। 

सवाल मैंने एक ही पूछा था

अडानी की शेल कंपनी में 20 हजार करोड़ रूपया किसने इन्वेस्ट किया। ये पैसे किसके हैं। आज के प्रेस कांफ्रेंस में भी राहुल गांधी यही सवाल पूछते रहे। उन्होंने कहा कि मोदी जी जब सीएम बने थे, तबसे अडानी से उनके संबंध है। मैंने लोकसभा में सारी बातों के प्रमाण दिये हैं। उसके बाद ही बीजेपी ने अपना खेल शुरू कर दिया। आखिर में राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी अडानी को इसलिए प्रोटेक्ट कर रहे, क्योंकि मोदी जी ही अडानी हैं।