हेमंत सरकार के खिलाफ बीजेपी का हल्ला बोल रहा उग्र, प्रदर्शनकारियों पर आंसूगैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल

मंगलवार को झारखंड बीजेपी पूरे फॉर्म में नजर आयी। आज प्रदेश में पार्टी ने प्रोजेक्ट बिल्डिंग स्थित सचिवालय के घेराव का कार्यक्रम तय था। इस कार्यक्रम में प्रदेश के तमाम बड़े नेता नजर आये।

हेमंत सरकार के खिलाफ बीजेपी का हल्ला बोल रहा उग्र, प्रदर्शनकारियों पर आंसूगैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल

रांची,


मंगलवार को झारखंड बीजेपी पूरे फॉर्म में नजर आयी। आज प्रदेश में पार्टी ने प्रोजेक्ट बिल्डिंग स्थित सचिवालय के घेराव का कार्यक्रम तय था। इस कार्यक्रम में प्रदेश के तमाम बड़े नेता नजर आये। बीजेपी के नेता - कार्यकर्ता ध्रुवा स्थित प्रभात तारा मैदान में जुटे, जहां राज्यभर से कार्यकर्ता पहुंचे थे। दोपहर एक बजे के करीब पार्टी के तमाम बड़े नेता और कार्यकर्ताओं का हुजुम प्रोजेक्ट भवन की ओर बढ़ने लगा। ध्रुवा स्थित गोलचक्कर पर पुलिस और कार्यकर्ता आमने सामने हुए और दोनों ओर से धक्कमधुक्की और जोर आजमाईश होने लगी। हालात को काबू करने के लिए लाठी चार्ज का सहारा लेना पड़ा और कार्यकर्ताओं पर आंसू गैस के गोले और वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल हुआ। वंही दूसरी तरफ से कार्यकर्ताओं ने भी रोड़े बरसाये। घटनाक्रम शुरू होने के बाद प्रदेश के कई बड़े नेताओं को गिरफ्तार कर स्थानीय जगन्नाथपुर थाने में रखा गया। गिरफ्तार होने वालों में सांसद संजय सेठ, सुनील सिंह, समीर उरांव व विधायक बिरंची नारायण और अमित मंडल प्रमुख थे। घेराव शुरू होने से पूर्व बड़े नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य में हर तरफ भ्रष्टाचार है और इस लुटेरी सरकार को उखाड़ फेंकना है। 

नेताओं ने भरी हुंकार

सचिवालय घेराव से पहले प्रभात तारा मैदान में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए तमाम बड़े नेताओं ने हुंकार भरी। नेताओं ने कहा कि अब गोली चले या तलवार वो सरकार को उखाड़ कर ही दम लेंगे। सांसद निशिकांत दूबे ने कहा कि जबतक पूरे सोरेन परिवार को जेल नहीं भेज देते, तो वे बीजेपी के असली कार्यकर्ता नहीं। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि राज्य सरकार के कुशासन से जनता त्रस्त है। इस सरकार में राज्य को लूटने वालों की जमात है। युवाओं का भविष्य अंधकार में डाल दिया गया है। खनिजों की लूट हो रही है। राज्य के आदिवासी और उनकी जमीन सुरक्षित नहीं है। वंही लाठीचार्ज पर पूर्व सीएम रघुवर दास ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के लोगों ने पहले कार्यकर्ता को उकसाया फिर उनपर लाठी चार्ज किये गये। 

DC-SP ने कहा हुड़दंगियों पर होगी कार्रवाई।

रांची के ध्रुवा गोलचक्कर के स्थिति बेकाबू हो गयी, जिसके बाद पुलिस को बल प्रयोग करने पड़े। कार्यकर्ताओँ ने बैरिकेडिंग तोड़ सचिवालय की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने ऐहतियातन कई इलाकों में धारा 144 लागू कर दी थी और ध्रुवा गोलचक्कर से प्रोजेक्ट भवन तक निषेधाज्ञा लागू थी। जिले के डीसी व एसपी ने कहा है कि इस घटना में हिंसा करने वालों पर कार्रवाई की जायेगी। 

सांसद की तबियत बिगड़ी

घेराव के दौरान संजय सेठ को चोटें भी आयी और उनकी तबियत भी बिगड़ गयी। उन्हें सांस लेने में दिक्कतें आने लगी। वंही कार्यक्रम के दौरान कुछ पत्रकारों को भी चोटें आयी।